भारत विकास परिषद द्वारा बाबा रामदेव मंदिर में एक सिलाई सिखलाई केंद्र स्थापित, 30 महिलाओं ने करवाई रजिस्ट्रेशन
- News Team Live
- Apr 22
- 2 min read

डबवाली
भारत विकास परिषद द्वारा पब्लिक हैल्थ कार्यालय के समीप बाबा रामदेव मंदिर में एक सिलाई सिखलाई केंद्र स्थापित किया गया है। क्लब के प्रधान उग्रसेन गर्ग के साथ महिला प्रमुख दर्शना देवी व पूर्व महिला प्रमुख सुमन लता ने मंदिर में दीप प्रज्वलित कर केंद्र का शुभारंभ किया।
सचिव भजन मैहता ने बताया कि केंद्र में सिलाई सीखने के लिए क्षेत्र की 30 महिलाओं ने नाम दर्ज करवाए हैं। प्रशिक्षक पूनम द्वारा महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिलाई सीखने के बाद भी संस्था द्वारा उन्हें सहयोग किया जाएगा ताकि वे आत्मनिर्भर हो सकें। इस मौके पर उग्रसेन गर्ग ने भारत विकास परिषद के विभिन्न सामाजिक प्रकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाविप की डबवाली शाखा द्वारा सरकारी अस्पताल में मरीजों के लिए पिछले 14 वर्षों से लगातार लंगर प्रकल्प चलाया जा रहा है। समय-समय पर रक्तदान शिविर लगाए जाते हैं। बस स्टैंड पर गर्मियों में जलसेवा की जाती है। इसके अलावा भारत को जानो व राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिताएं करवाकर बच्चों को देश भक्ति से जोड़ा जाता है। कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार गर्ग ने सिलाई केंद्र की स्थापना में सहयोग करने के लिए सुरेंद्र कुमार का धन्यवाद किया।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य सुनील जिंदल ने भारत विकास के उद्देश्य बारे देते हुए महिलाओं में सिलाई केंद्र से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। पूर्व अध्यक्ष वेद प्रकाश भारती ने भी विचार रखते हुए कहा कि भारत विकास परिषद समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए कृतसंकल्प है।
इस अवसर पर नगर संघ चालक अमृतपाल, संस्कार संयोजक कालू राम मैहता, सेवा संयोजक टीकम चंद जग्गा, डा. नानक, डा. अवतार सिंह, लंगर प्रमुख चंद्रभान मैहता, संजय मैहता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Comments