सरकार द्वारा जन शिक्षा को बर्बाद करने की मुहिम के विरोध में अध्यापक संघ 29 दिसंबर को जींद में करेगा
- News Team Live
- Dec 14, 2022
- 2 min read

डबवाली।
हरियाणा सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों में अध्यापकों को लगातार एक महीने से कभी चुनाव,योगा कैंप, एफएलएन व परिवार पहचान पत्र की वेरिफिकेशन आदि के कार्योँ में उलझा कर रखा हुआ है। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ माँग करता है कि अध्यापकों को ग़ैर शैक्षणिक कर्यों में उलझाने की बजाय कक्षा में जा कर गरीब छात्र - छात्राओं को पढ़ाने दिया जाये।
जिला प्रधान गुरमीत सिंह, सचिव बूटा सिंह और जिला प्रेस सचिव कृष्ण कायत ने सरकार पर पूरी तरह से शिक्षा विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जानबूझकर अध्यापकों को कक्षाओं से बाहर रखने का काम कर रही है ताक़ि सरकार अप्रैल में नए सत्र में होने वाले एडमिशन के समय चिराग योजना को लागू करके बहुत बड़े पैमाने पर छात्र-छात्राओं को सरकारी स्कूलों से निकालकर प्राइवेट स्कूलों में दाखिल करवा सके। इस प्रकार सरकार के लिए शिक्षा के निजीकरण का रास्ता आसान हो सकेगा। लेकिन हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ जन शिक्षा को बचाने की मुहिम जारी रखते हुए 21 दिसंबर से पूरे प्रदेश में पांच जत्थे चलाएगा जो गांव-गांव जाकर किसान, मजदूर, अभिभावक और नौजवान लडके-लड़कियों से संपर्क साधते हुए सरकार की जन-शिक्षा विरोधी नीतियों की पोल खोलेगा और 29 दिसंबर को जींद में जनता के अलग-अलग तबकों को साथ लेकर एक विशाल रैली का आयोजन करेगा। हरियाणा सरकार सरकारी स्कूलों में अडानी के गोदाम बनवाने के जो सपने पाले हुए हैं उन्हें कभी पूरा नहीं होने दिया जाएगा। जिला प्रैस सचिव कृष्ण कायत ने कहा कि हरियाणा सरकार नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा के निजीकरण की तरफ बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। जिसके परिणाम स्वरूप शिक्षकों को कौशल रोजगार निगम के माध्यम से फिक्स वेतन पर भर्ती करना अध्यापकों को बंधुआ मजदूर बनाने के समान है। इन सब के विरोध में पूरे प्रदेश में 5 जत्थों के माध्यम से जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत पहला जत्था राज्य वरिष्ठ उप प्रधान चिरंजीलाल की अध्यक्षता में चौटाला गांव से चलकर सिरसा ,फतेहाबाद, हिसार में जन जागरण अभियान चलाते हुए जींद पहुंचेगा। दूसरा जत्था राज्य प्रेस प्रवक्ता सतबीर गोयत के नेतृत्व में कालका से चलेगा जो पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल होते हुए जींद पहुंचेगा। तीसरा जत्था राज्य प्रधान धर्मेंद्र ढांडा के नेतृत्व में नांगल चौधरी से चलकर महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक से होते हुए जींद पहुंचेगा। चौथा जत्था कृष्ण नैन की अध्यक्षता में छछरौली से चलकर यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत से होते हुए जींद पहुंचेगा। पांचवा जत्था राज्य महासचिव प्रभु सिंह के नेतृत्व में फिरोजपुर झिरका से आरंभ होकर नूंह, पलवल, फरीदाबाद, गुडगांव, झज्जर , रोहतक से होते हुए जींद में प्रवेश करेगा। सभी जत्थे 28 दिसंबर को जींद पहुंचेंगे व 29 दिसंबर को जींद में विशाल रैली की जाएगी।
Comments