सिरसा में पुलिस-नशा तस्कर में मुठभेड़:क्रॉस फायरिंग में पैर में गोली लगने के बाद अमन खलनायक गिरफ्तार
- News Team Live
- Feb 8, 2023
- 2 min read

सिरसा
सिरसा में 25 जनवरी को दो युवकों पर फायरिंग करने के मुख्य आरोपी अमन खलनायक को CIA ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। खलनायक हाउसिंग बोर्ड फ्लैटों में छिपा था। पुलिस ने बुधवार सुबह उसे पकड़ लिया।
जब पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए रेड की तो उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोलियां चलाई, जो अमन के पैर में जा लगी। जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। जख्मी होने पर उसे सिरसा के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। अमन खलनायक पर चिट्टा तस्करी के मामले दर्ज है।
मोनू व दीपचंद को मारी थी गोली
CIA इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि अमन खलनायक ने दो युवकों पर फायरिंग की थी। 25 जनवरी को नोहरिया बाजार में महेंद्र गुर्जर, मोनू व दीपचंद जब खड़े थे, तभी बाइक सवार तीन हमलावरों ने उन पर फायर किए। इसमें मोनू की पीठ व दीपंचद की जांघ पर गोली लगी। जिसके बाद हमलावर फरार हो गए थे।
शोक जताकर लौट रहे थे पीड़ित
शिकायतकर्ता महेंद्र गुर्जर ने बताया कि वह 25 जनवरी की शाम को अपने दोस्त के साथ प्रकाश भार्गव के निधन पर शोक जताकर अपने घर आ रहा था। गली मस्जिद वाली से अपने घर रानियां गेट की ओर जाते वक्त अचानक पीछे से बाइक पर आए 3 लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिसमें वे दोनों घायल हो गए। 28 जनवरी को पुलिस ने उसकी शिकायत पर अमन खलनायक व उसके दोस्त के खिलाफ 307, आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया था।
बंद करवाया था बाजार
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शहर के सर्व समाज के लोगों ने बाजार बंद करवाया। करीब पांच घंटे बाजार बंद रहने के बाद डीएसपी साधुराम ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिसके बाद लोगों ने बाजार खोल दिए थे।






Comments